बिलासपुर. मुंगेली जिले में करीब दो माह पहले छेड़छाड़ और अपहरण की शिकार 15 वर्षीया किशोरी ने आरोपियों के डर से आत्मदाह कर लिया। किशोरी ने बुधवार को खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली थी। उसे गंभीर हालत में बिलासपुर स्थित सिम्स में भर्ती कराया गया, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने से पहले किशोरी ने बयान में कहा कि बार-बार घटना की याद आती थी। अपहरण करने वाले युवकों ने उसे दूसरे गांव ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया था और पूरी रात पिटाई की थी। इससे वह डरी हुई थी। अपहरण के दोनों आरोपी जेल में है।
चिल्फी चौकी क्षेत्र के ग्राम बोड़तराकला आवास पारा निवासी रानी साहू (15) पिता रोहित साहू घर पर थी। परिजन शाम करीब 5 बजे घर लौटे। रानी काम कर रही थी। रात 8.30 बजे रानी रसाेई के अंदर गई व अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। उसे जलते हुए देखकर परिजन कमरे से बाहर निकले। आनन-फानन में किसी तरह से आग बुझाई। परिजनों ने उसे 80 फीसदी जली हालत मेंे लोरमी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उसे सिम्स रेफर कर दिया गया था। यहां सुबह करीब 5.30 बजे उसकी मौत हो गई।